जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार पर हुआ समस्याओं का समाधान
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार कार्यक्रम के तहत गुरुवार को नन्दानगर विकासखंड के मटई एवं जोशीमठ तहसील के उर्गम गांव में बहुउद्देशीय शिविर लगाए गए। मटई में अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश की अध्यक्षता में 23 विभागों ने स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी। यहां 218 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें 198 का मौके पर निस्तारण किया गया। उर्गम में उपजिलाधिकारी चन्द्रशेखर वशिष्ठ की अध्यक्षता में शिविर में 256 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें 171 का समाधान किया गया। स्वास्थ्य विभागों ने निःशुल्क जांच व दवाएं वितरित कीं।
गंगा भोगपुर से हुई अभियान की शुरूआत
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के तहत प्रशासन गांव की ओर कार्यक्रम की शुरुआत यमकेश्वर विकासखंड के गंगा भोगपुर से की गई। न्याय पंचायत किमसार में आयोजित बहुउद्देशीय शिविर में विधायक रेनू बिष्ट मुख्य अतिथि रहीं। प्रभारी जिलाधिकारी गिरीश गुणवंत की अध्यक्षता में 23 विभागों ने स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी। शिविर में 68 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें अधिकांश का मौके पर निस्तारण किया गया।
ग्रामीणों ने उठाया योजनाओं का लाभ
उत्तरकाशी। जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार अभियान के दूसरे दिन विकासखंड पुरोला की न्याय पंचायत गुन्दियाटगांव में उपजिलाधिकारी मुकेश चन्द रमोला की अध्यक्षता में भव्य बहुउद्देशीय शिविर आयोजित हुआ। शिविर में 500 से अधिक ग्रामीणों ने भाग लेकर विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाया। राजस्व, ग्राम्य विकास, पंचायतीराज, कृषि, स्वास्थ्य, आयुष, समाज कल्याण सहित अनेक विभागों ने सेवाएं प्रदान कीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!