मुख्यमंत्री ने विश्व अल्पसंख्यक अधिकार दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में किया प्रतिभाग
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को हिमालयन सांस्कृतिक केन्द्र, नींबूवाला, देहरादून में विश्व अल्पसंख्यक अधिकार दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने अल्पसंख्यक समुदाय के मेधावी छात्रों को सम्मानित एवं विभिन्न स्टालों का अवलोकन किया।
बड़ी संख्या में आई मुस्लिम महिलाओं ने उत्तराखंड में समान नागरिक संहिता लागू करने पर मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। महिलाओं ने कहा कि मुख्यमंत्री एक भाई के रूप में प्रदेश और अल्पसंख्यक समुदाय के लिए कार्य कर रहे हैं। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि अल्पसंख्यक समुदाय के लिए सरकार द्वारा कई योजनाएं चलाई जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि आज का दिन भारत की एकता और अखंडता के संरक्षण के लिए हमारे मौलिक कर्तव्यों को याद करने का अवसर है। भारतीय संस्कृति में सदियों से समानता और सभी धर्मों तथा समुदायों के प्रति सम्मान की परंपरा रही है। भारत में अनेकों संस्कृतियों, परंपराओं, भाषाओं और खान-पान की विविधता के बावजूद एकता की भावना रही हैं। उन्होंने कहा वसुधैव कुटुम्बकम के महान सिद्धांत को आत्मसात करते हुए भारत ने हमेशा समूची दुनिया को एक परिवार के रूप में माना है।
इस अवसर पर उत्तराखण्ड अल्पसंख्यक आयोग की उपाध्यक्ष फरजाना बेगम, पद्मश्री डॉ. आर.के जैन, हेमकुंड साहिब ट्रस्ट अध्यक्ष नरेंद्रजीत सिंह बिंद्रा, अध्यक्ष वक्फ बोर्ड शादाब शम्स, एवं अन्य लोग मौजूद रहे।
शिविर में अधिकारों के प्रति किया जागरूक
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। विश्व अल्पसंख्यक अधिकार दिवस के अवसर पर ग्राम डांगी, अगस्त्यमुनि में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रुद्रप्रयाग द्वारा आयोजित विधिक जागरूकता शिविर में ग्रामीणों को अल्पसंख्यक समुदायों के संवैधानिक अधिकारों, सरकारी योजनाओं, निःशुल्क विधिक सहायता, लोक अदालत एवं नालसा हेल्पलाइन 15100 की जानकारी दी गई। समाज कल्याण व राजस्व विभाग के अधिकारियों ने भी विभागीय योजनाओं की जानकारी दी।
नागरिकों को अधिकारों के प्रति किया जागरूक
उत्तरकाशी। विश्व अल्पसंख्यक अधिकार दिवस के अवसर पर पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय के निर्देशन में उत्तरकाशी पुलिस ने जनपद के विभिन्न थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए। कार्यक्रमों के माध्यम से अल्पसंख्यक वर्ग के नागरिकों को संविधान प्रदत्त अधिकारों, प्रचलित कानूनों तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। इस दौरान लोक समस्या निवारण कार्यक्रम आयोजित कर नागरिकों की समस्याएं सुनी गईं और समाधान किया गया।
समस्याएं, सुझाव और अपेक्षाएं सुनीं
लक्सर। विश्व अल्पसंख्यक दिवस के अवसर पर कोतवाली लक्सर परिसर में अल्पसंख्यक समुदाय के साथ जागरूकता गोष्ठी आयोजित की गई। कार्यक्रम का उद्देश्य समुदाय को उनके अधिकारों से अवगत कराना और पुलिस-जनता संवाद को मजबूत करना था। पुलिस अधिकारियों ने उपस्थित लोगों से उनकी समस्याएं, सुझाव और अपेक्षाएं सुनीं और संविधान द्वारा प्रदत्त समान सुरक्षा एवं न्याय की जानकारी दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!