कार्डियो ओपीडी से 48 हार्ट रोगियों को मिला लाभ, तीन गंभीर मरीज देहरादून रेफर

श्रीनगर गढ़वाल। बेस अस्पताल श्रीनगर में बुधवार को आयोजित विशेष कार्डियो ओपीडी में 48 हार्ट रोगियों का उपचार किया गया, जबकि पहले से भर्ती 10 मरीजों का फॉलोअप व नियमित परीक्षण किया गया। ओपीडी के दौरान 15 मरीजों की इकोकार्डियोग्राफी जांच कर हृदय की स्थिति का आकलन किया गया। जांच के बाद तीन गंभीर मरीजों को उन्नत उपचार हेतु कोरोनेशन अस्पताल देहरादून रेफर किया गया। इसके अलावा, एंजियोप्लास्टी करा चुके दो मरीज फॉलोअप के लिए पहुंचे, जिनकी स्थिति संतोषजनक पाई गई। कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. संदीप मालविया ने सभी मरीजों की जांच कर दवाइयों, संतुलित आहार और जीवनशैली में सुधार की सलाह दी। स्थानीय लोगों ने इस पहल को क्षेत्रीय हार्ट रोगियों के लिए राहतकारी बताया।
