सड़क मार्ग से दौरा कर मुख्यमंत्री ने किया ग्रामीणों से सीधा संवाद

देहरादून/चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को चम्पावत से टनकपुर तक सड़क मार्ग से दौरा कर विभिन्न गांवों में ग्रामीणों से सीधे संवाद स्थापित किया। मुड़ियानी, धौन, स्वाला, अमोड़ी, चल्थी, सिंयाड़ी और सूखीढांग जैसे क्षेत्रों में उन्होंने विकास कार्यों, जनसमस्याओं, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सड़क, सिंचाई और कृषि से जुड़े मुद्दों की जानकारी ली।
मुख्यमंत्री ने बच्चों से भी संवाद किया और उन्हें पढ़ाई व करियर में मन लगाकर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। चल्थी में उन्होंने स्थानीय उत्पाद कृ गडेरी और अदरक खरीदी, “वोकल फॉर लोकल” के संकल्प को बढ़ावा दिया। उन्होंने ग्रामीणों को दीपावली, धनतेरस और भैयादूज की शुभकामनाएँ दी। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनहित के सभी कार्य समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरे किए जाएँ। उनके दौरे में स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारीगण और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
