टिहरी का पंवाली कांठा बनेगा नया पर्यटन केंद्र ग्रामीणों को मिलेंगे स्वरोजगार के अवसर
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। हिमालय की गोद में समुद्र तल से लगभग 3368 मीटर की ऊंचाई पर स्थित पंवाली कांठा बुग्याल अपनी अद्भुत प्राकृतिक सुंदरता और रोमांचक ट्रैकिंग अनुभव के लिए विशेष पहचान रखता है। मखमली घास के विस्तृत मैदान बर्फ से ढकी हिमालयी चोटियां घने जंगल और रंग-बिरंगे जंगली फूल इस क्षेत्र को प्रकृति प्रेमियों और ट्रैकिंग के शौकीनों के लिए आकर्षक पर्यटन स्थल बनाते हैं। टिहरी गढ़वाल के अपेक्षाकृत अनछुए पर्यटन स्थलों में शामिल पंवाली कांठा में ग्रामीण पर्यटन और स्वरोजगार की अपार संभावनाएं हैं। घनसाली क्षेत्र से शुरू होने वाला यह ट्रैक मेंडू सिंदवाल गांव और माटिया बुग्याल जैसे प्रमुख पड़ावों से होकर गुजरता है। यात्रा के दौरान पहाड़ी जंगलों की ठंडी छांव कलकल बहते झरने प्राकृतिक ताल और मखमली घास से ढके खुले मैदान यात्रियों को आकर्षित करते हैं। जैसे-जैसे ऊंचाई बढ़ती है वैसे-वैसे हिमालय का प्राकृतिक सौंदर्य और भव्य होता जाता है। दूर तक फैली पर्वत श्रृंखलाएं खुले आसमान के नीचे विशाल बुग्याल और मौसम साफ होने पर बर्फ से ढकी हिमालयी चोटियों के मनोरम दृश्य इस यात्रा को यादगार बनाते हैं। यहां की शांति और स्वच्छ वातावरण शहरी जीवन की भागदौड़ से दूर प्रकृति के बीच समय बिताने का अवसर प्रदान करता है। पंवाली कांठा उन लोगों के लिए विशेष आकर्षण रखता है जो हिमालय को करीब से महसूस करने के साथ स्थानीय जीवन और संस्कृति से भी जुड़ना चाहते हैं। हालांकि अधिक ऊंचाई दुर्गम रास्तों और मौसम में तेजी से होने वाले बदलाव को देखते हुए यहां ट्रैकिंग के लिए शारीरिक तैयारी मौसम की जानकारी आवश्यक उपकरण और प्रशिक्षित स्थानीय गाइड की व्यवस्था जरूरी है। पंवाली कांठा की प्राकृतिक सुंदरता और पर्यटन संभावनाओं को करीब से समझने के लिए मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल ने हाल ही में यहां ट्रैकिंग में प्रतिभाग किया और अपने अनुभव साझा किए। उनके साथ खंड विकास अधिकारी भिलंगना विपिन भी ट्रैकिंग का हिस्सा रहे। पंवाली कांठा जैसे बुग्याल हिमालय की महत्वपूर्ण प्राकृतिक विरासत हैं। इसलिए यहां पर्यटन गतिविधियों का विस्तार पर्यावरण संरक्षण और जिम्मेदार पर्यटन के सिद्धांतों के अनुरूप किया जाना आवश्यक है। प्राकृतिक जलस्रोतों वनस्पतियों घास के मैदानों और स्थानीय पारिस्थितिकी को सुरक्षित रखते हुए पर्यटन सुविधाओं का विकास क्षेत्र के दीर्घकालिक संरक्षण एवं विकास के लिए महत्वपूर्ण होगा। उचित पहचान स्थानीय सहभागिता और पर्यावरण के प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण के साथ पंवाली कांठा आने वाले समय में प्रकृति प्रेमियों ट्रैकिंग के शौकीनों और हिमालय को करीब से अनुभव करने वाले पर्यटकों के लिए एक विशिष्ट आकर्षण बन सकता है।
