भारत-नेपाल के सांस्कृतिक संबंधों और लोक परंपराओं का प्रतीक है झनकईया मेला : मुख्यमंत्री
सीमांत एवं जनजातीय क्षेत्रों के सर्वांगीण विकास के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध : मुख्यमंत्री

सुमित तिवारी / उत्तराखंड प्रहरी ब्यूरो,
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर खटीमा में आयोजित ऐतिहासिक झनकईया गंगा स्नान मेले का फीता काटकर शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने शारदा तट पर पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने शारदा कॉरिडोर के अंतर्गत झनकईया एवं काला पुल के समीप नवनिर्मित पूर्णागिरि मंदिर क्षेत्र में स्नान घाटों के निर्माण की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने कार्तिक पूर्णिमा एवं श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि झनकईया का ऐतिहासिक मेला धार्मिक आस्था, लोक संस्कृति और समृद्ध परंपराओं का संगम है। लंबे समय से आयोजित हो रहा यह मेला हमारी सांस्कृतिक विरासत को पीढ़ी-दर-पीढ़ी आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। नई पीढ़ी भी पूरे उत्साह के साथ इन परंपराओं को आगे बढ़ा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत-नेपाल सीमा के समीप आयोजित होने वाला यह मेला दोनों देशों के सांस्कृतिक संबंधों एवं आपसी सद्भाव को और सुदृढ़ करता है। भारत और नेपाल के बीच सदियों से रोटी-बेटी का संबंध रहा है। दोनों देशों की सांस्कृतिक एवं सामाजिक परंपराएं परस्पर जुड़ी हुई हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मेले में सीमांत क्षेत्रों के साथ ही उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं व्यापारी पहुंचते हैं। थारू समाज सहित विभिन्न समुदायों की सहभागिता, पारंपरिक लोकगीत, लोकनृत्य और रीति-रिवाज इस मेले को विशेष पहचान प्रदान करते हैं। ऐसे आयोजन स्थानीय व्यापारियों, कारीगरों और उद्यमियों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन एवं विपणन का अवसर भी प्रदान करते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में समान नागरिक संहिता लागू करने सहित अनेक ऐतिहासिक निर्णय लिए गए हैं। सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराने के अभियान के तहत 13 हजार एकड़ से अधिक भूमि अतिक्रमणमुक्त कराई गई है। राज्य सरकार पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से युवाओं को सरकारी सेवाओं में नियुक्ति प्रदान करने के साथ ही समाज के प्रत्येक वर्ग के उत्थान के लिए कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने मेले के विस्तार एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं के दृष्टिगत जिला प्रशासन, सिंचाई विभाग, नगर पालिका खटीमा एवं जिला पंचायत को आपसी समन्वय से स्नान घाटों, सुरक्षा व्यवस्था, स्वच्छता एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शारदा कॉरिडोर के अंतर्गत क्षेत्र के धार्मिक स्थलों को विकसित किया जाएगा। क्षेत्र के प्रमुख धार्मिक स्थलों में श्रद्धालुओं के लिए सुविधाओं का विस्तार भी किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने मेला परिसर में स्थानीय दुकानदारों से जलेबी एवं सिंघाड़े खरीदकर ‘वोकल फॉर लोकल’ का संदेश भी दिया।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, ब्लॉक प्रमुख श्रीमती सरिता राणा, गंभीर सिंह धामी, किशन सिंह किन्ना, श्रीमती फरजाना बेगम, मेला समिति अध्यक्ष शेर सिंह दानू, हिमांशु बिष्ट, रनदीप पोखरिया, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, अपर जिलाधिकारी विनोद कुमार एवं निर्मला बिष्ट सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।
