रुद्रप्रयाग में जनता दरबार में सात शिकायतें मिलीं दो का मौके पर निस्तारण लापरवाही पर वेतन रोकने की चेतावनी

 

 
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा की अध्यक्षता में सोमवार को जिला कार्यालय सभागार में जनता दरबार यानी जनता मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे फरियादियों की समस्याएं सुनी गईं। जनता दरबार में कुल सात शिकायतें प्राप्त हुईं जिनमें से दो का मौके पर ही निस्तारण किया गया। शेष शिकायतों के निस्तारण के लिए जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही पिछले जनता दरबार में प्राप्त शिकायतों पर की गई कार्रवाई की भी समीक्षा की गई। जनता दरबार में ग्राम नारी निवासी बीर सिंह ने मकान के ऊपर पेड़ होने से भवन को खतरा उत्पन्न होने की शिकायत करते हुए पेड़ कटान का अनुरोध किया। वहीं वार्ड नंबर छह के हीत डांग मोहल्ला निवासी राजेंद्र सिंह ने मकान के पीछे नगर पालिका की दीवार से कच्ची नाली के पानी का रिसाव होने के कारण मकान में सीलन और खतरा उत्पन्न होने की समस्या रखी। इसके अतिरिक्त ग्राम कंडारा निवासी प्रमोद राणा ने पेंशन उपलब्ध कराने की मांग की। अन्य फरियादियों ने भी अपनी विभिन्न समस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष रखीं। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को सभी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान जिलाधिकारी ने सीएम हेल्पलाइन पोर्टल पर लंबित शिकायतों की समीक्षा की। समीक्षा में एल-1 स्तर पर 173 तथा एल-2 स्तर पर 40 शिकायतें लंबित पाई गईं। उन्होंने संबंधित विभागों को लंबित शिकायतों का शीघ्र निस्तारण करने और शिकायतों पर की गई कार्रवाई से शिकायतकर्ताओं को अनिवार्य रूप से अवगत कराने के निर्देश दिए। उन्होंने 36 दिन से अधिक समय से लंबित शिकायतों पर विशेष ध्यान देने को कहा और आगामी सोमवार को उनकी प्रगति की पुनः समीक्षा करने की बात कही। इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी ने जिला योजना के अंतर्गत विभिन्न विभागों की वित्तीय एवं भौतिक प्रगति की समीक्षा की।  जिलाधिकारी ने सभी कार्यालयाध्यक्षों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने कार्यालयों में कार्यरत सभी कर्मचारियों की स्वगणना प्रक्रिया पूर्ण करवाना सुनिश्चित करें तथा जनगणना में सही और पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराते हुए सक्रिय भागीदारी निभाएं। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.पारुल गोयल जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ.अखिलेश मिश्रा जिला पंचायती राज अधिकारी प्रेम सिंह रावत मुख्य कृषि अधिकारी लोकेंद्र बिष्ट एआरटीओ धर्मेंद्र सिंह बिष्ट अधिशासी अभियंता राष्ट्रीय राजमार्ग ओंकार पांडे प्रभारी जिला क्रीड़ा अधिकारी मनोज चौहान सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!