इंदिरा गांधी की जयंती पर कांग्रेस ने दी श्रद्धांजलि, योगदान को किया याद
देहरादून। भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्व. इंदिरा गांधी की जयंती पर प्रदेशभर में कांग्रेस की ओर से श्रद्धांजलि सभाएं और विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के आह्वान पर प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेसजनों ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।
श्रद्धांजलि सभा में वक्ताओं ने इंदिरा गांधी के राजनीतिक योगदान, साहस और देश की एकता-अखंडता के लिए किए गए कार्यों को याद किया। उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी ने बैंकों का राष्ट्रीयकरण, गरीबी उन्मूलन और बीस सूत्रीय कार्यक्रम जैसी पहल के माध्यम से देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वक्ताओं ने बांग्लादेश मुक्ति संग्राम में उनकी भूमिका और पोखरण परमाणु परीक्षण का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की पहचान मजबूत की। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि देश की एकता और अखंडता की रक्षा के लिए इंदिरा गांधी का बलिदान सदैव याद रखा जाएगा। कार्यक्रम में प्रदेश महामंत्री संगठन राजेंद्र सिंह भंडारी, लालचंद शर्मा, ज्योति रौतेला, जोत सिंह गुनसोला, राजकुमार, जसविंदर सिंह गोगी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
