कुम्भ-2027 की तैयारियों ने पकड़ी रफ्तार, मेला क्षेत्र में तेजी से विकसित हो रहीं अवस्थापना सुविधाएं
हरिद्वार। कुम्भ मेला-2027 की तैयारियों के तहत हरिद्वार मेला क्षेत्र में अवस्थापना सुविधाओं के विकास और सौंदर्यीकरण का कार्य तेजी से चल रहा है। सड़कों, फुटपाथों, घाटों, पुलों और चौराहों के सुधार के साथ श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़ी परियोजनाओं की प्रगति परखने के लिए मेलाधिकारी सोनिका ने गुरुवार को जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, अपर मेलाधिकारी नंदन कुमार और अन्य अधिकारियों के साथ विभिन्न क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया।
मेलाधिकारी ने सड़कों के नवीनीकरण, फुटपाथ निर्माण और चौराहों के व्यवस्थित विकास कार्यों को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने आवागमन में बाधा बन रहे विद्युत पोलों को तत्काल शिफ्ट करने को कहा। आइरिस पुल के निकट एडमिन रोड, बैरागी कैंप, एनएच सर्विस लेन और शंकराचार्य चौक मार्ग के जंक्शन का निरीक्षण कर सड़क एवं यातायात व्यवस्था बेहतर बनाने के निर्देश दिए। आइरिस पुल और महिला मिलन मंदिर के बीच उपलब्ध भूमि पर पार्क विकसित करने तथा स्नान के लिए घाट को व्यवस्थित करने को कहा। प्रवेश द्वार के पास पुराने कमरों को प्रसाधन और चेंजिंग रूम के रूप में विकसित करने के निर्देश भी दिए। आइरिस पुल से शंकराचार्य चौक तक सड़क सुधार शीघ्र पूरा करने और क्षेत्र को अतिक्रमणमुक्त रखने के लिए नियमित निगरानी पर जोर दिया।
कनखल मार्ग पर सड़क सुधार और फुटपाथ निर्माण के साथ डाम कोठी रोड के चौड़ीकरण तथा घाटों के अनुरक्षण कार्यों का जायजा लिया। पंतद्वीप में यूआईआईडीबी की परियोजनाओं के निरीक्षण के दौरान शौचालयों और अन्य जनसुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। पंतद्वीप से लालजीवाला तक पैदल आवागमन के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग के ऊपर पैदल पुल निर्माण की कार्रवाई तेजी से आगे बढ़ाने की अपेक्षा की।
बैरागीवाला और दक्षद्वीप में सड़क, विद्युत, पेयजल, पुलों और घाटों से जुड़े कार्यों की समीक्षा करते हुए शेष निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से पूरे करने के निर्देश दिए। निरीक्षण में एचआरडीए सचिव प्रत्यूष सिंह, उप मेलाधिकारी मनजीत सिंह, लोक निर्माण विभाग और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
