सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का धरातल पर समाधान सुनिश्चित करें अधिकारी
पौड़ी। जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने अधिकारियों को मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि शिकायतों का समाधान केवल पोर्टल पर औपचारिक कार्रवाई तक सीमित न रहे, बल्कि शिकायतकर्ता को वास्तविक राहत मिलनी चाहिए। बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने 30 दिन से अधिक समय से लंबित शिकायतों की समीक्षा की।
जिलाधिकारी ने विभागीय नोडल अधिकारियों को प्रत्येक शुक्रवार को लंबित शिकायतों की समीक्षा करने और सोमवार की जनपद स्तरीय बैठक से पहले उनके निस्तारण की प्रगति सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने बिना संतोषजनक समाधान के शिकायतों को बंद करने और अनावश्यक रूप से लंबित रखने की प्रवृत्ति पर नाराजगी जताई। साथ ही शिकायतकर्ता को कार्रवाई और समाधान की जानकारी देने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि एक से अधिक विभागों से संबंधित शिकायतों का आपसी समन्वय से समाधान किया जाए। पेयजल आपूर्ति, सड़क, निर्माण कार्य और ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं को प्राथमिकता दी जाए। वन्यजीवों से जुड़ी शिकायतों पर वन विभाग को प्रभावी कार्रवाई करने तथा ग्राम पंचायतों के माध्यम से झाड़ियों की सफाई, प्रकाश व्यवस्था और विद्युतीकरण पर ध्यान देने को कहा। बंदरों को पकड़ने के लिए बजट प्रस्ताव भेजने और खतरा बने पेड़ों के कटान संबंधी मामलों में भी आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। बैठक में एडीएम पीआर चौहान, डीएफओ महातिम यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
