सीओ ने किया श्रीनगर कोतवाली का अर्द्धवार्षिक निरीक्षण
श्रीनगर गढ़वाल। क्षेत्राधिकारी तपेश कुमार ने कोतवाली श्रीनगर का अर्द्धवार्षिक निरीक्षण कर पुलिस व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने कार्यालय में रखे राजकीय अभिलेखों का अवलोकन कर उन्हें अद्यतन एवं व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। मालखाना, बैरक, मैस, सीसीटीएनएस कक्ष और सीसीटीवी प्रणाली का भी निरीक्षण किया। मालखाने में रखे शस्त्रों और कारतूसों का भौतिक सत्यापन कर उनके सुरक्षित रखरखाव पर जोर दिया। इसके बाद पुलिस कार्मिकों का सम्मेलन लेकर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने आमजन से मृदु व्यवहार बनाए रखने, बीट क्षेत्रों की जानकारी रखने और जन-पुलिस समन्वय मजबूत करने के निर्देश दिए। साथ ही साइबर, महिला संबंधी अपराधों और नए आपराधिक कानूनों के प्रति जागरूकता अभियान चलाने को कहा।
