बीएचईएल में स्थापना दिवस एवं उत्कृष्टता उत्सव का भव्य आयोजन

श्रीमान,

बीएचईएल से सम्बन्धित प्रेस विज्ञप्ति, सादर सूचनार्थ संलग्न है ।

 

बीएचईएल में स्थापना दिवस एवं उत्कृष्टता उत्सव का भव्य आयोजन;

माननीय भारी उद्योग व इस्पात राज्य मंत्री ने बीएचईएल के प्रतिभावान

कर्मचारियों को एक्सेल पुरस्कार प्रदान किए

 

हरिद्वार, 14 नवम्बर : भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (बीएचईएल) ने राष्ट्रसेवा में 62 वर्ष समर्पित करने के उपलक्ष्य में अपना स्थापना दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया। इस समारोह में कंपनी के  प्रतिभाशाली कर्मचारियों को कंपनी के ‘एक्सेल पुरस्कार’ भी प्रदान किए गए। इस भव्य समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में माननीय भारी उद्योग व इस्पात राज्य मंत्री श्री भूपतिराजु श्रीनिवास वर्मा ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति से कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। इस अवसर पर श्री संदीप पौण्डरीक, सचिव (इस्पात व भारी उद्योग), सुश्री निगार फातिमा हुसैन, अतिरिक्त सचिव एवं वित्तीय सलाहकार (वाणिज्य और उद्योग), श्री विजय मित्तल, संयुक्त सचिव (भारी उद्योग), श्री के. सदाशिव मूर्ति, अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक, बीएचईएल, निदेशकगण, मुख्य सतर्कता अधिकारी, बीएचईएल के पूर्व अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशकगण, पूर्व निदेशकगण एवं अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित थे।

 

सभा को संबोधित करते हुए, माननीय भारी उद्योग व इस्पात राज्य मंत्री श्री भूपतिराजु श्रीनिवास वर्मा जी ने कहा कि वर्ष 1964 में स्थापना काल से ही बीएचईएल की यात्रा दृढ़ता, इंजीनियरिंग उत्कृष्टता और राष्ट्र निर्माण के प्रति गहरे समर्पण को दर्शाती है। उन्होंने उल्लेख किया कि देश की स्थापित ताप विद्युत क्षमता में आधे से अधिक हिस्सेदारी बीएचईएल द्वारा निर्मित सेटों की है तथा कंपनी माननीय प्रधान मंत्री के ‘आत्मनिर्भर एवं विकसित भारत’ के विज़न को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। बीएचईएल के उल्लेखनीय कायाकल्प के लिए अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक, निदेशक मंडल और कर्मचारियों की सराहना करते हुए उन्होंने गुणवत्ता और नवाचार के प्रति बीएचईएल की प्रतिबद्धता का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करने के लिए एक्सेल पुरस्कार विजेताओं को बधाई भी दी ।

माननीय राज्य मंत्री तथा सचिव (इस्पात व भारी उद्योग) ने बीएचईएल की विभिन्न इकाइयों के 131 कर्मचारियों से युक्त 25 टीमों को एक्सेल पुरस्कार प्रदान किए। इन पुरस्कारों में उत्कृष्टता पुरस्कार – सर्वांगीण उत्कृष्टता के लिए; उत्कृष्ट तकनीकी प्रकाशन पुरस्कार – तकनीकी पेपर / बुकलेट / पुस्तक के प्रकाशन के लिए; अनुसंधान पुरस्कार – अनुसंधान एवं विकास के लिए; ग्राहक संतुष्टि पुरस्कार – ग्राहक संतुष्टि के लिए; उत्पादकता पुरस्कार – उत्पादकता में वृद्धि के लिए; पर्यावरण पुरस्कार – पर्यावरण के प्रति योगदान के लिए तथा समाज के प्रति  उत्कृष्ट योगदान के लिए समाज सेवा पुरस्कार शामिल थे।

 

बीएचईएल की एक्सेल पुरस्कार योजना एक अद्वितीय कंपनी स्तरीय पुरस्कार योजना है, जिसके अंतर्गत कंपनी के विकास एवं लाभप्रदता के साथ-साथ समाज के प्रति कर्मचारियों द्वारा किए गए सर्वांगीण उत्कृष्ट कार्य और योगदान को सम्मानित किया जाता है। इन पुरस्कारों के अंतर्गत टीम के प्रत्येक सदस्य को प्रमाण पत्र, पदक एवं प्रशस्ति पत्र तथा प्रत्येक टीम को नकद पुरस्कार प्रदान किया जाता है।

 

इस अवसर पर बोलते हुए, श्री संदीप पौण्डरीक, सचिव (इस्पात व भारी उद्योग) ने राष्ट्र निर्माण में बीएचईएल के योगदान की सराहना की तथा इसके कर्मचारियों एवं ग्राहकों और आपूर्तिकर्ताओं सहित अन्य प्रमुख हितधारकों के प्रयासों की प्रशंसा की। उन्होंने इस बात पर बल दिया कि सुदृढ़ ऑर्डर बुक जहां बीएचईएल के प्रति ग्राहकों के विश्वास को दर्शाती है, वहीं यह निष्पादन से जुड़ी चुनौतियां भी प्रस्तुत करती है। आगे की राह के लिए उन्होंने कंपनी से आग्रह किया कि वह भारत के ऊर्जा संक्रमण में केंद्रीय भूमिका निभाते हुए विनिर्माण उत्कृष्टता, व्यावसायिक रूप से व्यवहार्य अनुसंधान एवं विकास तथा प्रभावी ज्ञान हस्तांतरण पर ध्यान केंद्रित करे।

 इससे पहले, कार्यक्रम के आरंभ में सभी गणमान्य अतिथियों का स्वागत करते हुए बीएचईएल के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक श्री के. सदाशिव मूर्ति ने अवगत कराया कि सुदृढ़ ऑर्डर बुक के बल पर कंपनी ने उत्साहजनक प्रदर्शन दर्ज किया है। क्षमता निर्माण की दिशा में कंपनी द्वारा उठाए गए कदमों की जानकारी देते हुए उन्होंने मूल व्यवसाय के साथ-साथ विविधीकृत एवं सामरिक क्षेत्रों में बीएचईएल की महत्वपूर्ण उपलब्धियों का उल्लेख किया, जो राष्ट्र निर्माण की मजबूत नींव रख रही हैं। कर्मचारियों को बीएचईएल की सबसे बड़ी शक्ति बताते हुए उन्होंने कहा कि एक्सेल पुरस्कार उन कार्मिकों को सम्मानित करते हैं, जिनके असाधारण कार्य से लागत एवं साइकल टाइम में कमी आई, मैटीरियल की बचत हुई और गुणवत्ता में सुधार हुआ। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ये पुरस्कार विजेता अनेक अन्य कर्मचारियों को बीएचईएल की उत्कृष्टता की यात्रा से जुड़ने के लिए प्रेरित करेंगे।

 

इस अवसर पर बीएचईएल के कर्मचारियों व उनके बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया गया।

 

भवदीय

संचार एवं जन सम्पर्क विभाग / C&PR Department

बीएचईएल, हरिद्वार / BHEL, Haridwar

दूरभाष: 5232 / Phone: 5232

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!