मुख्यमंत्री ने श्रीनगर-देवप्रयाग मार्ग पर पहाड़ी उपचार कार्यों का किया निरीक्षण


टिहरी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गैरसैंण में विधानसभा सत्र के बाद देहरादून लौटते समय श्रीनगर-देवप्रयाग राष्ट्रीय राजमार्ग पर पहाड़ी के उपचारात्मक कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों और इंजीनियरों से निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए एक नवंबर तक प्रदेश की सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सुरक्षित, सुगम और गुणवत्तापूर्ण आवागमन सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है। जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने मौके पर मौजूद इंजीनियरों और श्रमिकों से बातचीत कर उनका हालचाल भी जाना। देवप्रयाग के पास सुलभ शौचालय का निरीक्षण करने पर स्वच्छता व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिली। इस पर मुख्यमंत्री ने नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिशासी अधिकारी को तत्काल सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि देवप्रयाग में बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं, इसलिए सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता बनाए रखना जरूरी है। मुख्यमंत्री ने देवप्रयाग संगम के दर्शन कर मां गंगा को नमन किया और एक चाय की दुकान पर रुककर दुकानदार से बातचीत की। इसके बाद वह कीर्तिनगर के मलेथा स्थित भाजपा कार्यालय पहुंचे, जहां स्थानीय निवासियों और पार्टी प्रतिनिधियों से मुलाकात की। उन्होंने अधिकारियों को सड़क सुधार कार्य समयसीमा में पूरा करने और गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!