श्रीनगर में उत्तराखंड पुलिस की 22वीं शूटिंग प्रतियोगिता का शुभारंभ

श्रीनगर गढ़वाल। पौड़ी जिले के श्रीनगर स्थित एसएसबी की केदार फायरिंग रेंज में गुरुवार को उत्तराखंड पुलिस की 22वीं प्रादेशिक अंतर्जनपदीय एवं वाहिनी राइफल, रिवॉल्वर और पिस्टल शूटिंग प्रतियोगिता 2026 का शुभारंभ हुआ। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार ने प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न जनपदों और वाहिनियों से आए टीम प्रबंधकों से परिचय प्राप्त किया। प्रतिभागियों ने सलामी देने के साथ खेल भावना, अनुशासन और समर्पण के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने की शपथ ली।
एसएसपी सर्वेश पंवार ने कहा कि पुलिस बल के लिए शस्त्र संचालन में दक्षता, अनुशासन और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना महत्वपूर्ण है। उन्होंने खिलाड़ियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। तीन दिवसीय प्रतियोगिता में 12 टीमों के 120 से अधिक प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं। इनमें सात जनपद पुलिस, तीन पीएसी एवं वाहिनी और दो आईआरबी की टीमें शामिल हैं। राइफल मुकाबले 100, 200 और 300 मीटर की दूरी पर होंगे, जबकि पिस्टल स्पर्धाएं 15, 25, 30 और 50 मीटर की दूरी पर आयोजित की जाएंगी। प्रतियोगिता 22 से 24 अक्टूबर तक चलेगी। समापन समारोह 24 अक्टूबर को होगा।
