: विशेष अभियान 6.0 के तहत हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर जागरूकता कार्यक्रम, चार प्रकार के डस्टबिन के उपयोग की दी जानकारी
 
: गीले-सूखे कचरे को अलग-अलग डालने की अपील, स्वच्छ और पर्यावरण अनुकूल स्टेशन बनाने पर जोर
 
 
हरिद्वार। रेलवे के विशेष अभियान 6.0 के तहत रविवार को हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर रेल जनसंवाद आयोजित कर यात्रियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। उत्तर रेलवे के मुरादाबाद मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव के निर्देश पर स्टेशन मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक चंद्रेश आर्या और स्वास्थ्य निरीक्षक सुनील चौहान ने यात्रियों से संवाद किया। इस दौरान यात्रियों को चार प्रकार के डस्टबिन के उपयोग और कचरे के उचित पृथक्करण के महत्व की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि गीले और सूखे कचरे सहित विभिन्न प्रकार के कचरे को निर्धारित डस्टबिन में ही डालना चाहिए। इससे स्टेशन परिसर को साफ-सुथरा रखने के साथ पर्यावरण संरक्षण में भी मदद मिलती है। रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों से अपील की कि वे स्टेशन परिसर में इधर-उधर कचरा न फैलाएं और स्वच्छता बनाए रखने में सक्रिय भागीदारी निभाएं। उन्होंने कहा कि रेलवे स्टेशन को स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण अनुकूल बनाए रखने के लिए यात्रियों का सहयोग बेहद जरूरी है। रेलवे प्रशासन की ओर से विशेष अभियान 6.0 के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर यात्रियों को स्वच्छता के प्रति जिम्मेदार बनाने का प्रयास किया जा रहा है। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य यात्रियों की सहभागिता बढ़ाकर स्वच्छता को जनआंदोलन का रूप देना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!