विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटें कांग्रेस कार्यकर्ता: कुमारी शैलजा


देहरादून। आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर कांग्रेस प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा ने प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में पार्टी के आनुषंगिक संगठनों, विभागों और प्रकोष्ठों के प्रदेश अध्यक्षों की बैठक ली। उन्होंने कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने और जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को जनता के बीच उठाने के निर्देश दिए।
कुमारी शैलजा ने कहा कि सभी संगठन गांव, शहर, वार्ड और बूथ स्तर तक सक्रिय रहकर पार्टी की नीतियों को जनता तक पहुंचाएं। उन्होंने अंकिता भंडारी हत्याकांड में न्याय की मांग को लेकर जनआंदोलन खड़ा करने तथा निष्पक्ष जांच और पारदर्शिता के लिए शांतिपूर्ण तरीके से आवाज उठाने का आह्वान किया। उन्होंने मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं, वोट चोरी और सरकारी जमीनों व सार्वजनिक संपत्तियों से जुड़े मामलों को भी प्रमुखता से उठाने को कहा। जल, जंगल और जमीन की रक्षा को प्रदेश के भविष्य से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय बताते हुए जनजागरण अभियान चलाने पर जोर दिया। उन्होंने जनसभाओं, पदयात्राओं, सम्मेलनों और संवाद कार्यक्रमों के माध्यम से जनता से जुड़ने के निर्देश दिए। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, ज्योति रौतेला, विशाल भोजक सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!