सेवानिवृत्त मेजर अब समाज सेवा को बनाएंगे नया लक्ष्य
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। ग्राम सेल्ता निवासी सूबेदार मेजर (औनरेरी लेफ्टिनेंट) कुलदीप सिंह बागरी 1 सितंबर 2025 को भारतीय सेना से गौरवपूर्ण सेवाएं पूरी कर सेवानिवृत्त हो गए। 32 वर्षों की सेवा के दौरान उन्होंने देश की सीमाओं पर अद्वितीय योगदान दिया और अपनी कार्यकुशलता के लिए औनरेरी लेफ्टिनेंट की उपाधि प्राप्त की।
कुलदीप सिंह ने 20 गढ़वाल राइफल में भर्ती होकर बर्फीले और दुर्गम क्षेत्रों में जिम्मेदारियां निभाईं। उनकी अनुशासनप्रियता और नेतृत्व क्षमता ने साथियों को प्रेरित किया और उच्चाधिकारियों से सराहना पाई। सेवानिवृत्ति के बाद उनका अगला लक्ष्य समाज सेवा है। उन्होंने गरीब, निर्धन और असहाय लोगों की मदद को अपना जीवन उद्देश्य बनाने का संकल्प लिया है। ग्रामीणों ने उनकी उपलब्धियों पर गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि उनका जीवन संघर्ष और सफलता का प्रेरक उदाहरण है।